हादसे में कोटेदार समेत दो युवक की मौत
भेलवासी गांव के रहने वाले थे दोनों दोस्त
घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधाकला चौराहे के पास मंगलवार देर शाम लग्जरी गाड़ी की चपेट में आने से बाइक सवार कोटेदार समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम को हटवाया। घटना से पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
कोतवाली क्षेत्र के भेलवासी गांव निवासी कोटेदार 45 वर्षीय हरिश्चंद्र पुत्र प्रीतम और गांव के 40 वर्षीय प्रताप पुत्र चंद्रिका मंगलवार शाम को बाइक से सब्जी खरीदने बूधा कला चौराहे पर गए थे। बाइक कोटेदार चला रहे थे। वापस लौटते दौरान बूधा कला चौराहे पर ही लग्जरी गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कोटेदार हरिश्चंद्र घायल हो गए। घटना के बाद कुछ देर तक जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। मौके पर पुलिस पहुंच गई और जाम को समाप्त कराई। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल कोटेदार को जिला अस्तपताल भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन घायल कोटेदार को गोरखपुर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान रात में ही उसकी मौत हो गई। बुधवार सुबह परिजन शव को वापस लाए और पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पोस्टमार्टम हाउस आए परमेश्वर और बाबूराम ने बताया कि कोटेदार हरिश्चंद्र चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उसके पास तीन बेटियां और इकलौता बेटा क्रमश: ज्योति 22 वर्ष, आकांक्षा 18 वर्ष, माला 16 वर्ष और बेटा विशाल 22 वर्ष है। अभी किसी की शादी नहीं हुई है। घटना से पीड़ित पत्नी सरजू देवी का रो- रोकर बुरा हाल था। भाई सुभाष, श्रवण और परमेशवर भी गमगीन थे। लोगों ने बताया कि प्रताप और हरिश्चंद्र दोनों गहरे दोस्त थे। प्रताप दो भाइयों में बडे़ थे। खेती कर परिवार का खर्च चलाते थे। उनके पास चार बेटियां और इकलौता बेटा है। 22 वर्षीय बेटी मधू, 20 वर्षीय प्रीति, 18 वर्षीय नेहा, 16 वर्षीय बेटा जैकी और 14 वर्षीय बेटी कॉजल है। पत्नी हेमावनी और बेटे-बेटियों का रो- रोकर बुरा हाल था। लोगों ने बताया कि घटना से दोनों परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। कोतवाल विजय नरायन प्रसाद ने बताया कि पीड़ित पिता चंद्रिका की तहरीर पर लग्जरी गाड़ी के चालक नाम पता अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया।