बिजली काटने पर दो सगे भाइयों ने जेई पर किया हमला
पीड़ित ने साक्ष्य के रूप में तहरीर के साथ पुलिस को दिया वीडियो क्लिप
मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही पुलिस
संतकबीरनगर। शहर के बरईटोला में बकाए में बिजली कनेक्शन काटने की वजह से दो सगे भाइयों ने जेई पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जेई ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। बाद में पीड़ित जेई ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इंडस्ट्रीयल एरिया सब स्टेशन के जेई अमित सिंह का आरोप है कि वह सोमवार दोपहर में लाइन स्टॉफ कुशल प्रजापति, अजय कुमार और इकबाल के साथ बरईटोला खलीलाबाद गए थे। बिजली बिल के बकाया की वसूली के लिए बरईटोला में एक व्यक्ति के घर स्टॉफ के साथ गए। आरोप है कि बिजली बिल का बकाया नहीं जमा करने पर उसका कनेक्शन कटवा दिया। उसी दौरान दो सगे भाई उन्हें अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। आरोप है कि लाठी-डंडे से उनके ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह वह जान बचा कर भागे। आरोप है कि उन्हे बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ने पर जानमाल की धमकी दी गई।
पीड़ित जेई सहयोगियों के साथ कोतवाली पहुंचे और घटना की वीडियो साक्ष्य के रूप में कोतवाल को दिखाया। विद्युतकर्मियों ने कहा कि कार्रवाई में सुस्ती बरती गई तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे। कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि जेई की तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।