संतकबीरनगर। जिला प्रशासन और पुलिस ने मंगलवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बैरकों, मेस और जेल परिसर की सघन तलाशी ली। अधिकारियों ने कैदियों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली।
जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल की विभिन्न बैरकों, मेस, कार्यालय और अन्य हिस्सों की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जेल परिसर के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री प्रवेश न कर सके। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने बंदियों से सीधे संवाद कर भोजन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। अधिकारियों ने जेल परिसर की साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए कारागार कर्मियों को नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही सभी कर्मचारियों को चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरे किए जाएं। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।