संतकबीरनगर। बेसिक शिक्षा विभाग ने नया निर्देश जारी किया है। इसके तहत जिस विद्यालय में 50 से कम छात्र-छात्राएं पंजीकृत होंगे। उन विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को पास के स्कूलों में शिफ्ट किया जाएगा। विभाग ने जिले में ऐसे 183 विद्यालयों का चयन किया है। ऐसे में तीन हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं नए फरमान से प्रभावित होंगे।
जिले में 1247 परिषदीय विद्यालय हैं। इन विद्यालय में करीब एक लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिले के काफी विद्यालय ऐसे हैं, जहां पर छात्र-छात्राओं की संख्या बेहद कम है। शासन के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों ने रैलियां आदि निकालकर तमाम प्रयास कर लिए। इसके बावजूद भी इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या में इजाफा नहीं हो सका है। इसको ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने ऐसे विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को दूसरे विद्यालयों में समायोजित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्देश मिलने के बाद में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इस ओर ध्यान देना शुरू कर दिया है। उन्होंने सभी बीईओं से ऐसी सूची मांगी जहां पर 50 से कम विद्यार्थी है। बीईओ की सूची के अनुसार 183 स्कूलों में 50 से कम विद्यार्थी है। अगर इन स्कूलों में संख्या नहीं बढ़ी तो यहां के बच्चों को पास के विद्यालयों में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके लिए जुलाई माह में फिर से रैली आदि निकालने की तैयारी है। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश मिलने के बाद में ऐसे विद्यालयों का चयन किया गया है। जहां पर छात्र-छात्राओं की संख्या बेहद कम है। ब्लॉक से कुल 183 विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराई है।