संतकबीरनगर। यूपी-112 पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतना तीन पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। बुधवार को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने यूपी-112 से प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक की समीक्षा की। इस दौरान शिकायतों के निस्तारण में अपेक्षित तत्परता और गुणवत्ता न मिलने पर तीन पुलिसकर्मियों को दंड स्वरूप दौड़ लगाने की सजा दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने समीक्षा के दौरान संबंधित पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों के प्रति गंभीरता और संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। असंतुष्ट फीडबैक के संबंध में लापरवाही पाए जाने पर आरक्षी लल्लन पासवान, आरक्षी धर्मेंद्र कुमार और आरक्षी बसंत चौहान से दंड स्वरूप दौड़ लगवाई गई।
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि यूपी-112 पर प्राप्त प्रत्येक कॉल और शिकायत का समयबद्ध, संवेदनशील एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की समस्या के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या असंवेदनशीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसा पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यूपी-112 आपात स्थिति में आमजन तक पुलिस की त्वरित पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए शिकायतों के निस्तारण में तत्परता के साथ-साथ उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।