सांथा। बेलहरकला थाना क्षेत्र के गनवरिया-लोहरसन मार्ग पर सोमवार को दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने से टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गनवरिया चौराहे सांथा से लगभग तीन सौ मीटर दूर हुई।
जानकारी के अनुसार घायलों में से दो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सांथा (लोहरसन) ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीसरे घायल को मेंहदावल में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर प्रियांशु पुत्र सुनील कुमार वर्मा निवासी गनवरिया से लोहरसन की ओर जा रहा था। दूसरी बाइक पर जुनैद पुत्र समसुद्दीन अपनी मौसी को लेकर कुल्हड़िया से गुलहरिया थाना मेंहदावल की तरफ जा रहा था। सांथा गांव के पास गनवरिया-लोहरसन सड़क पर दोनों बाइकों की टक्कर हो गई।
बेलहरकला पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है। एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।