संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने रुपये चोरी करने के मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपी शोएब उर्फ पावा, अलतमश उर्फ कल्लू और सचिन कुमार गौतम निवासीगण बढ़यामाफी को चोरी के 10 हजार रुपये नकद के साथ लाइफ लाइन हॉस्पिटल जाने वाली रोड के पास से धर दबोचा।
पुलिस के अनुसार पीड़ित अब्दुल मोतीन निवासी बढ़यामाफी ने चार अगस्त को थाना दुधारा पर तहरीर देकर उनके घर से कपड़े की जेब में रखे 11 हजार रुपये अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी कर लेने के संबंध में केस दर्ज कराया था। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों को पैसे की काफी आवश्यकता थी। शोएब उर्फ पावा ने बताया कि गांव के अब्दुल मोतीन के घर चोरी करने के लिए 2-3 दिन से रेकी कर रहे थे।
तीन अगस्त की रात में जब सब सो गए तो वह कल्लू तथा सचिन के सहयोग से मोतीन के घर के पीछे से चढ़कर आंगन के सरिया को हटाकर अन्दर घुस गया जहां अब्दुल मोतीन के कुर्ते में रखे 11 हजार रुपये चोरी कर लिया। उसने चार हजार रुपये तथा कल्लू व सचिन को 3-3 हजार रुपये दे दिए। एक हजार रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया वहां से उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।