संतकबीरनगर। 11 लोगों के आंख की रोशनी जाने के मामले में अग्रवाल नेत्रालय के खिलाफ चल रही जांच पूरी है। रिपोर्ट को लेकर डीएम, सीएमओ, एसडीएम और सीओ की बैठक में अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई तय की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि होली के बाद अस्पताल पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर के अग्रवाल नेत्रालय में आंख का ऑपरेशन लोगों ने कराया था। जिसके बाद आंख में दिक्कत हुई तो लोगों ने फिर उसी अस्पताल में दिखाया। कुल 11 लोगाें की आंख की रोशनी चली गई थी। इस मामले में पीड़ितों ने डीएम को शिकायती पत्र दिया था। उसके बाद डीएम ने सीएमओ, एसडीएम और सीओ सदर की कमेटी गठित की थी। जिसके बाद कमेटी ने अलग-अलग जांच की। इसमें धमकी देने का मामला भी था। उस पर पुलिस विभाग ने अपनी जांच की।
जांच रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ के पास पहुंच गया। सीएमओ कार्यालय की माने तो इसमें कड़ी कार्रवाई होनी है। जिसको लेकर डीएम के साथ कमेटी के अधिकारियों की बैठक होगी। उसमें अलग-अलग बिंदुओं पर मिली जांच के आधार पर कार्रवाई की रणनीति तैयार होगी।
-
क्या है मामला
10 फरवरी को राजकिशोर, रामपटल, द्रोपती, कुमारे, जवाहिर सिंह, समुनरा देवी, नीतेश यादव, जफर अली, मंशा उर्फ मुन्नका और प्रमोद सिंह ने डीएम को शिकायती पत्र देकर कहा था कि 13 दिसंबर को अग्रवाल नेत्रालय पर ऑपरेशन कराए थे। चिकित्सक ने गलत ढंग से एवं लापरवाही पूर्ण तरीके से ऑपरेशन कर लेंस लगा दिया। जिससे उनकी आंख की रोशनी चली गई। चिकित्सक को दुबारा दिखाने पर दूसरे निजी अस्पताल में दिखाने की सलाह दी। पर्चा डॉक्टर द्वारा अपने पास रख लिया गया। मांगने पर मारपीट कर अस्पताल से बाहर कर दिया गया। लोगों ने चिकित्सक पर कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद टीम ने अस्पताल पर पहुंच कर ऑपरेशन में लगे इंजेक्शन का सैंपल लिया था और जांच के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा था। जांच में इंजेक्शन संक्रमित मिला था। टीम ने अपनी जांच पूरी कर ली।
एक पीड़ित की हो चुकी है मौत
महुली क्षेत्र के सिकरी निवासी व आंख से पीड़ित राजकिशाेर की छह मार्च की रात मौत हो चुकी है। उनके आंख में दर्द और खून निकल रहा था। परिजन अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हुई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों की तहरीर पर अग्रवाल नेत्रालय के चिकित्सक डॉ अभिनव अग्रवाल पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। इस मामले में महुली पुलिस जांच कर रही है।
कोट
जांच रिपोर्ट तैयार है। जल्द ही डीएम के साथ कमेटी के सदस्यों की बैठक होनी है। बैठक में कार्रवाई तय की जाएगी। होली बाद बैठक का समय लिया गया है।
-डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ