संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा बुधवार को समाप्त हो गई। अब माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से मूल्यांकन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परीक्षा के बाद मूल्यांकन कार्य विभाग के लिए सबसे बड़ी चुनौती होता है।
बुधवार को द्वितीय पाली की इंटरमीडिएट परीक्षा में अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। जिसमे 1600 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिले के कुल 113 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हुई। परीक्षा के दौरान दो नकलची पकड़े गए थे। जिन्हें रस्टीकेट कर दिया गया था। इसके साथ ही 12 केंद्र व्यवस्था, आठ स्टेटिक मजिस्ट्रेट हटाए गए थे। इधर परीक्षा समाप्त होने के बाद मूल्यांकन की तैयारी में विभाग जुट गया है।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। जहां पर 19 मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा। जिसको लेकर विभाग तैयारी में जुट गया है। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि परीक्षा सकुशल समाप्त हो गई है। कही से कोई शिकायत नहीं मिली है। 19 मार्च से मूल्यांकन की तैयारी में विभाग जुटा है।