मृतक रवि के घर पहुंचा शव दरवाजे पर जुटी लोगों की भीड़
मेंहदावल। गुजरात के बोपल में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से छत से गिरे तीन युवकों की हुई मौत के बाद मंगलवार की देर शाम सभी का शव मेंहदावल पहुंचा। शव पहुंचते ही परिजन रोने बिलखने लगे। गांव के लोग भी भागते दौड़ते मौके पर पहुंचे। हर किसी की आंखों में आंसू व चेहरे पर गम के बादल दिखाई दिए। एक ही गांव के दो होनहार युवकों की मौत से हर कोई स्तब्ध है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के गेडुवा निवासी रवि पुत्र गया व उनके पड़ोसी लवकुश उर्फ महेश पुत्र राजेश एक ही गांव के निवासी थे। दोनों गुजरात में साथ-साथ फ्लेक्स बोर्ड लगाने का काम करते थे। हादसे में दोनों की एक साथ जान चली गई। उनका शव एंबुलेंस के माध्यम से देर शाम सात बजे उनके पैतृक निवास गुडुआ पहुंचा। परिजन पहले से ही शव का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही एंबुलेंस रुकी लोग शव की तरफ दौड़ पड़े। मां बहनों की चीख पुकार से गांव में मातम का माहौल कायम हो गया।
रवि के पिता गया खड़े-खड़े बेसुध हो गए। उन्हें लोगों ने ढांढस बंधाया। उनकी माता का भी रो-रोकर बुरा हाल है। बहन सरोज भी अपने भाई से लिपटकर रोती रही। इसी प्रकार लवकुश के पिता राजेश अपने पुत्र के शव के पास खड़े बिलख रहे थे।
उनकी पत्नी फूला देवी अपने लाल को पुकार रही थी। बहन शशिकला व भाई भी घटना से दुखी होकर अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहे थे।
इस घटना ने पूरे तहसील क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। इसी प्रकार राज का शव भी उसके पैतृक निवास महला पहुंचा। वहां भी लोगों के रोने बिलखने व चीख पुकार से पूरे गांव में मातम का माहौल पसर गया। लोगों देर रात में ही युवकों के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुटे थे।