धनघटा। थाना क्षेत्र के पारा के निकट राम जानकी मार्ग पर मंगलवार को निजी बस की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बस को लेकर चालक धनघटा थाने में पहुंच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। बालक की पहचान ग्राम केकरहा निवासी दिव्यांश पुत्र राम प्रसाद पांडेय के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार ग्राम केकरहा निवासी राम प्रसाद पांडेय का पुत्र दिव्यांश (13) दुबौलिया स्थित अपने मामा के घर से साइकिल से घर को लौट रहा था। अभी वह निहैला व पारा के बीच पहुंचा था तभी लखनऊ से आ रही तेज रफ्तार बस ने सामने से आ रहे साइकिल सवार को ठोकर मार दिया। बस में फंसी साइकिल को किसी प्रकार निकाला गया। इस बीच गंभीर स्थित स्थानीय लोगों की मदद से सीएचसी हैंसर लाया गया जहां डाॅक्टरों ने जांच के बाद दिव्यांश को मृत घोषित कर दिया।
दूसरी तरफ घटना के बाद चालक बस को लेकर धनघटा थाने में पहुंच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से स्वजनों पर संकट का पहाड़ टूट पड़ा। मौत की खबर सुनकर सीएचसी हैंसर पहुंचे स्वजनों की चीख पुकार से माहौल गमगीन हो गया। राम प्रसाद के दो बेटों में दिव्यांश सबसे छोटा था। बड़ा बेटा विपिन (18) का रोरोकर बुरा हाल था। बेटे के शव को देख मां के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। प्रभारी निरीक्षक जेपी दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है। बस व उसके चालक गिरफ्त में है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।