सांथा। ब्लाॅक मुख्यालय के ग्राम पंचायत परसवनिया में प्राथमिक विद्यालय न होने से यहां के बच्चों को प्राथमिक शिक्षा के लिए दूसरी ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालय में जाने की मजबूरी है। ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय खोलने की मांग की है। सांथा विकास खंड के ग्राम पंचायत परसवनिया की आबादी लगभग तीन हजार है। यहां शिक्षा की बुनियादी व्यवस्था न होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां से बच्चों को दो किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय निघुरी या इतनी ही दूर प्राथमिक विद्यालय लेदवा श्रीपाल में जाना पड़ता है। परसवनिया में प्राथमिक विद्यालय न होने से गांव से उनके सपनों को पंख नहीं लग पा रहा हैं। गांव के हबीब खान कहते हैं कि पढ़ने के लिए बच्चों को दूर जाना पड़ता है, जिससे चिंता बनी रहती है। उबैदुर्रहमान ने कहा कि गांव में प्राथमिक विद्यालय न होने से दूसरी पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को पढ़ने के लिए मुख्य सड़क से जाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
नौशाद अहमद ने कहा कि स्कूल काफी दूर है, जिससे बच्चों को सुबह जल्दी उठकर तैयारी करना पड़ता है। ग्राम प्रधान जुनैद अहमद ने कहा कि अपने स्तर से कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है। ताकि गांव के छात्रों को गांव में ही शिक्षा मिल सके।
इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी सांथा गरिमा यादव ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय स्थापना के उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर प्रयास किए जाएंगे।