जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को परामर्श देते चिकित्सक।
संतकबीरनगर। मौसम में आए बदलाव और तापमान के उतार चढ़ाव ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन में तेज धूप और शाम के समय हवा चलने से सर्द-गर्म मौसम हो जा रहा है। इस मौसम में वायरल बीमारियां बढ़ जा रही हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार से लगभग 150 मरीज पहुंच रहे हैं। कुछ मरीजों में वायरल हो रहा है तो उसे ठीक होने में सात दिन लग जा रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को 1130 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।
इसमें से 150 के करीब मरीज बुखार से पीड़ित थे। चिकित्सकों के अनुसार, तापमान में यह उतार-चढ़ाव वायरल बुखार, सर्दी-खांसी, जुकाम और जोड़ों में दर्द जैसी समस्याओं का मुख्य कारण बना हुआ है। आमतौर पर 2-3 दिन में ठीक होने वाला वायरल इस बार मरीजों को ज्यादा परेशान कर रहा है।
मरीजों को रिकवरी में 5 से 7 दिन लग रहे हैं और इसके बाद भी सूखी खांसी की शिकायत लंबे समय तक बनी रह रही है।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. रमाशंकर ने बताया कि इस समय ओपीडी में बुखार के रोजाना 150 के करीब मरीज आ रहे हैं, जिनमें से 15 से 20 मरीज वायरल बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने सलाह दी कि बुखार होने पर मरीज खुद से दवा लेने से बचें और चिकित्सक से संपर्क कर जांच के बाद ही इलाज शुरू करें।
साथ ही, तरल पदार्थों का अधिक सेवन और तरबूज जैसे फलों को आहार में शामिल करें। उन्होंने कहा कि तापमान में यह बदलाव पिछले कुछ दिनों से जारी है, जिसके चलते वायरल पीड़ितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस मौसम के अनुसार सावधानी बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।