संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय पर वेंडर्स जोन का विकास नहीं हुआ है। मुखलिसपुर ओवरब्रिज के नीचे बना वेडिंग जाेन अधूरा पड़ा है। शहर में सड़क की पटरियों पर ठेले लग रहे हैं। इसके चलते दुकानदारों के साथ नागरिक भी परेशान हैं।
फास्ट फूड के लिए पहले एचआरपीजी काॅलेज रोड पर वेंडर्स जोन बनाए जाने की कवायद शुरू की गई थी, लेकिन इस योजना पर काम नहीं हो सका। शहर में बेतरतीब तरीके से दुकानें लग रही हैं। पुरानी सब्जी मंडी में सब्जी की दुकानें पटरी पर लगती है, लेकिन इसके साथ ही शहर के गोला बाजार से लेकर बैंक चौराहे तक भी सब्जी की दुकानें फुटपाथ पर लग रही हैं।
मुखलिसपुर तिराहे पर ठेला व खोमचा वाला का कब्जा है। जिसके कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसको देखते हुए पालिका प्रशासन ने मुखलिसपुर ओवरब्रिज के नीचे कुछ दूर तक वेडिंग जोन बनाया, लेकिन वह भी अधूरा पड़ा हुआ है। इसके कारण यहां पर ठेला व खोमचा वालों को व्यवस्थित नहीं किया जा सका है।
पालिका प्रशासन लगातार दावा कर रही है कि जल्द ही यहां पर वेडिंग का कार्य पूरा कराया जाएगा, लेकिन कई महीने बीत के जाने के बाद भी कार्य पूर्ण नहीं हो सका है। दूसरी तरफ शहर में होने वाले जाम की समस्या को देखते हुए एचआरपीजी कॉलेज के रोड पर वेडिंग जोन बनाए जाने का प्रस्ताव किया गया था। यहां पर फास्ट फूड व फ्रूट की दुकानों को व्यवस्थित किया जाना था, लेकिन अब तक यहां पर कोई कार्य नहीं हो सका है।
हालांकि इस मार्ग पर ओपेन जिम बनाया गया है। यदि यहां पर फास्ट फूड व फ्रूट की दुकानें व्यवस्थित हो जाए तो काफी हद तक शहर में जाम की समस्या दूर हो सकती है। इसके साथ ही लोगों को पास में ही मनोरंजन की सुविधा मिल सकती है।
शहर के निवासी राकेश कुमार, हरिओम आदि ने कहा कि शहर में वेडिंग जाने की सख्त जरूरत है। इससे एक स्थान पर खाने-पीने के सामान आसानी से मिल सकते हैं और शहर में होने वाले जाम की समस्या दूर हो सकती है।