संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया। पुलिस किशोरी की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि क्षेत्र के एक चौराहे पर वह सौंदर्य प्रसाधन की दुकान चलाती हैं। शिवम गुप्ता निवासी दलेलगंज डिहुलिया अपने मित्रों के साथ दुकान पर आता जाता था। 22 मार्च को लगभग 6:00 बजे शाम को शिवम गुप्ता का दोस्त दीपक निवासी ग्राम भुअरिया बाइक से दुकान के सामने आया और उनकी नाबालिग बेटी (16) को बुलाया। कुछ ही दूरी पर शिवम गुप्ता तथा उसके अन्य दोस्त अन्नू व निखिल निवासी ग्राम दलेलगंज व आकाश निवासी ग्राम भुअरिया मौजूद थे।
सभी उनकी नाबालिग पुत्री को शिवम गुप्ता के साथ भगा दिया। जब तक वे कुछ समझ पातीं शिवम गुप्ता व सभी दोस्त बेटी को लेकर चले गए। वह रात भर बेटी को तलाश करती रहीं। उसका पता नहीं चला। दूसरे दिन सुबह करीब दस बजे वह शिवम गुप्ता के घर पूछने गईं तो उसके पिता टुनटुन, मां बिंद्रावती और बहन अंशिका ने गालियां देते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
आशंका जताई है कि शिवम गुप्ता अपने दोस्तों दीपक, अन्नू, निखिल गुप्ता व आकाश के साथ उनकी पुत्री की हत्या कर सकता है, अथवा उसे बेच सकता है। कोतवाल ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर उक्त आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।