- पौली ब्लॉक के ग्राम किशुनपुर में कोटेदार की मौत के पांच माह बाद भी कोटे की दुकान का चयन नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
रोसयाबाजार। विकास खंड पौली अंतर्गत ग्राम पंचायत किशुनपुर में पांच माह पूर्व कोटेदार की मौत के बाद कोटे की दुकान दूसरे गांव में अटैच कर दी गई। इससे अनेक राशन कार्ड धारकों को राशन लेने तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ता है।
किशुनपुर में कोटेदार कालीचरण की 29 मार्च को मौत हो गई। इससे कोटेदार का पद रिक्त हो गया। विभाग ने खाद्यान्न वितरण के लिए दूसरे गांव मकदुमपुर में अटैच कर दी, लेकिन राशन लेने के लिए तीन किलोमीटर की दूरी तय करना उपभोक्ताओं के लिए मुश्किल हो रही है।
ग्रामीण हरिश्चंद्र, संत कुमार, राजकुमार, हिमांशु, वहाबुद्दीन, सत्तार अली, बंसी, बरसाती, अनवर अली आदि ने कहा कि पांच माह बीत जाने के बाद विभाग नए कोटेदार के चयन में हीलाहवाली कर रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नए कोटेदार का चयन होता तो लोगों को राशन लेने में भागदौड़ नहीं करनी पड़ती।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है। कागजी कार्रवाई शीघ्र पूरा कर गांव में नए कोटे की दुकान का चयन कर लिया जाएगा।