जिला अस्पताल में बच्चों की जांच करते चिकित्सक-संवाद
संतकबीरनगर। मौसम में बदलाव के साथ ही सर्दी-जुकाम और टाॅन्सिलाइटिस के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना इससे संबंधित 50 से 60 लोग पहुंच रहे हैं। इनमें गले में दर्द, निगलने में परेशानी और टॉन्सिल की शिकायत है। इससे बच्चे अधिक परेशान हैं।
जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को 1300 मरीजों ने पंजीयन कराया, इसमें करीब तीन सौ बच्चे शामिल रहे। ओपीडी में 50 से 60 बच्चे सर्दी-जुकाम और गले की खराश का इलाज कराने आए थे। सुबह और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से शरीर पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह संक्रमण तेजी से फैल रहा है। मरीजों में सामान्य बुखार, खांसी, गले में खराश और टॉन्सिल जैसी शिकायतें देखी जा रही हैं।
अस्पताल में इलाज कराने आए संगीता, राज कुमार और महेंद्र ने बताया कि बच्चों के गले में जलन और दर्द के कारण खाना निगलने में काफी परेशानी हो रही है। वे सर्दी-जुकाम से परेशान हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके सिंह ने बताया कि टॉन्सिल, खांसी, सर्दी जुकाम की समस्या से पीड़ित रोजाना 50 बच्चे आ रहे हैं।