प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को बंधक बनाकर पीटा
प्रेमी के परिजनों की मनुहार पर माफीनामा लिखवाकर छोड़ा
घटना की सूचना से अनभिज्ञता जता रही पुलिस
धर्मसिंहवा (संतकबीनगर)। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार रात प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी को ग्रामीणों ने पकड़ कर पीटा। रातभर उसे बंधक बनाए रखा। मंगलवार सुबह उसके परिजन मौके पर पहुंचे और काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चला। बाद में माफीनामा लिखवाकर प्रेमी को छोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि प्रेमी युवक महराजगंज जिले का निवासी है। उसके गांव में ही प्रेमिका का ननिहाल है। प्रेमिका कुछ दिन ननिहाल से घर आई थी। उसी दौरान दोनों के बीच संपर्क और फिर प्रेम हो गया। प्रेम की खुमारी इस कदर प्रेमी पर चढ़ी कि वह रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया। सुगबुगाहट सुन प्रेमिका के घर वालों की नींद खुल गई। परिजनों ने दोनों को रंगेहाथ पकड़ लिया। शोर सुनकर पड़ोस के लोगों की भीड़ जुट गई। पहले तो गांव के लोगों ने समझा कि चोर घुस आया है, लेकिन बाद में पता चला कि वह प्रेमी है। प्रेमी को ग्रामीणों ने रात भर बंधक बनाकर रखा और फोन कर उसके घर वालों को सूचना दी। मंगलवार सुबह जब प्रेमी के परिजन आए तो काफी देर तक मान-मनौव्वल का दौर चला। प्रेमी के परिजनों ने काफी मनुहार की। उसके बाद माफीनामा लिखवाया। दोबारा गांव में न आने की शर्त पर प्रेमी को छोड़ दिया। इस बावत पूछे जाने पर एसओ अनिल सिंह से घटना की सूचना से अनभिज्ञता जाहिर की।