ब्यान दर्ज कराते अग्रवाल नेत्रालय के संचालक।
संतकबीरनगर। अग्रवाल नेत्रालय पर मरीजों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए डीएम को शिकायती पत्र दिया था। जिसमे यह कहा था कि चिकित्सक की लापरवाही व गलत लेंस लगाने के चलते 11 लोगों की आंख की रोशनी चली गई है।
इस मामले में डीएम ने सीएमओ को जांच का निर्देश दिया। बृहस्पतिवार को टीम के समक्ष पीड़ित मरीजों ने बयान दर्ज कराया था। शुक्रवार को टीम ने अग्रवाल नेत्रालय पहुंच कर जांच की। टीम ने ओटी (ऑपरेशन थिएटर) से दवा और लेंस का सैंपल लिया है।
दिन में करीब 12 बजे सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया के समझ अग्रवाल नेत्रालय के चिकित्सक डॉ. अभिनव अग्रवाल पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने कहाकि ऑपरेशन में लापरवाही नहीं हुई है। लेकिन यह कैसे हुआ समझ से परे है, उन्होंने जांच में पूरा सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके कुछ देर बाद सीएमओ के निर्देश पर अपर सीएमओ डॉ. रामरतन, डिप्टी सीएमओ डॉ. शैलेंद्र सिंह, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुबारक अली, आई सर्जन डॉ. राम प्रवेश और एक लैब टेक्नीशियन अग्रवाल नेत्रालय पहुंचे। वहां पर ओटी में जाकर लेंस आदि को देखा। इसके बाद जो दवा इस्तेमाल हुई है उसकी जांच की।
दवा और लेंस का सैंपल ले लिया। टीम के अस्पताल पहुंचने पर हड़कंप मच गया। आस पास के लोग जानकारी जुटाने में लगे रहे कि टीम क्या कार्रवाई कर रही है।