मेंहदावल कस्बे में दिन में जलती स्ट्रीट लाइट-संवाद
मेंहदावल। एक तरफ सरकार ऊर्जा बचाने के लिए प्रचार तथा स्लोगन पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। दूसरी तरफ मेंहदावल नगर पंचायत प्रशासन का हाल यह है कि विभिन्न वार्डों में सड़कों पर उजाला के लिए लगाई गई स्ट्रीट लाइट दिन के उजाले में भी जगमगाती नजर आ रही है। इसके बाद भी नगर पंचायत प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा है।
मेंहदावल नगर पंचायत में कुल 20 वार्ड है। वार्डों में स्वच्छता के साथ पथ प्रकाश की व्यवस्था भी नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कराई गई है। विद्युत पोलों पर उजाले के लिए स्ट्रीट लाइट लगाई गई है, लेकिन ताज्जुब यह है कि नगर पंचायत की यह पथ प्रकाश व्यवस्था रात के साथ ही पूरे दिन पोल पर जलती नजर आती है। जिससे ऊर्जा की क्षति बड़े पैमाने पर क्षति हो रही है।
कस्बा निवासी अंगद गुप्ता, चंदन गुप्ता, जलाल निषाद, शिवकुमार निषाद, हरीलाल गुप्ता, शुभम, अनिल कुमार आदि का कहना है कि नगर पंचायत क्षेत्र में लगी स्ट्रीट लाइटें दिन में जलने से बिजली की बड़े पैमाने पर क्षति हो रही है। नगर के कई वार्ड में लोग लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं।
ऊपर से विद्युत फाल्ट की समस्या के कारण और परेशानी बढ़ रही है। ईओ पंकज कुमार का कहना है कि पोल पर नगर पंचायत की ओर से पथ प्रकाश की व्यवस्था कराई गई है। यदि दिन के उजाले में यह लाइटें जल रही हैं तो स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।