संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के तामेश्वरनाथ चौकी स्थित दुल्हीपार गांव के आगे मंगलवार की देर शाम ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चालक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जनपद के बलौदा थाना के पैसर चौगोरी गांव निवासी अर्जुन निषाद पुत्र जेठूराम (32) अपनी पत्नी, तीन बच्चे व साला धर्म के साथ कोतवाली क्षेत्र के पायलपार स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। मंगलवार की शाम करीब पांच बजे अर्जुन खाली ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर परसपुर गांव में मिट्टी लेने जा रहे थे।
वह दुल्हीपार गांव के आगे पहुंचे ही थे कि उनकी ट्रैक्टर-ट्राॅली अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगभग 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरकर पलट गई। दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तामेश्वरनाथ चौकी प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद