स्नान करने गया बालक नदी में डूबा, मौत
महुली क्षेत्र के मुड़ियारी गांव स्थित कुआनो नदी का मामला
धनघटा(संतकबीरनगर)। महुली थानाक्षेत्र के मुड़ियारी गांव स्थित कुआओ नदी में स्नान करने गया बालक सोमवार को डूब गया। ग्रामीणों ने प्रयास के बाद उसे नदी से निकाला गया। सीएचसी नाथनगर ले जाया गया। चिकित्सको ंने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर मेडिकल परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
महुली क्षेत्र के मुड़ियारी निवासी धर्मेंद्र कुमार का नौ वर्षीय बेटा रवि कुमार साथियों के साथ गांव के उत्तर दिशा में स्थित कुआनो नदी में स्नान करने गया था। काफी देर तक स्नान करने के बाद जब सभी बच्चे नदी से बाहर निकल रहे थे, इसी दौरान रवि नदी के गहराई में चला गया और डूबने लगा। यह देख साथियों ने शोर मचाते हुए मदद की गुहार लगाई। थोड़ी दूर मछली पकड़ रहे कुछ मछुआरों ने आवाज सुनी और दौड़ते पहुंचे। नदी में छलांग लगाकर रवि को निकाला। आननफानन में एंबुलेंस से सीएचसी नाथनगर लेकर गए। चिकित्सकों ने रवि की मौत की पुष्टि कर दी, लेकिन परिजन इसे मानने से इंकार करते हुए आत्म संतुष्टि के लिए जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों की टीम ने वहां भी रवि को मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर लेकर पहुंचे और अंतिम संस्कार कर दिया।