बस्ती/संतकबीरनगर। पुरानी बस्ती क्षेत्र के पांडेय बाजार में युवती की हत्या एकतरफा प्रेम में बैंक में सफाई करने वाले कर्मचारी ने की थी। आरोपी मनोज यादव को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उसके दाहिने घुटने के नीचे गोली लगी है। एसपी अभिनंदन ने पुलिस लाइंस स्थित सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान पूरे प्रकरण का खुलासा किया।
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर एसपी ने बताया कि एक हफ्ते पहले गोशाला में काम करने आई राधिका से एसबीआई पांडेय बाजार में सफाई का काम करने वाला आरोपी मनोज प्रेम करने लगा था। इस बीच उसने कई बार राधिका को प्रपोज किया, लेकिन उसने नकार दिया। मंगलवार को सुबह करीब छह बजे राधिका को उसने खंडहरनुमा मकान में जाते देखा। पीछे-पीछे आरोपी भी वहां पहुंच गया।
उसने देखा कि राधिका नित्यक्रिया कर रही थी, मगर इसे देखकर उठकर खड़ी हो गई। मनोज ने उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की। मगर वह विरोध करती रही। इस पर झुंझलाकर आरोपी ने पास में पड़ी ईंट उठाकर राधिका के ललाट पर मार दिया, जिससे वह गिरी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को खींचकर दीवार के किनारे छोटे से गड्ढे में डाल दिया। वहां पड़ीं लकड़ियां और घास फूस ऊपर डालकर आग लगा दी। इसके बाद पीछे के रास्ते सड़क पर आ गया। वहां आसपास टहलता रहा, जब धुआं उठना बंद हो गया। तो वह अपने घर चला गया।