बेलहर। फिट इंडिया क्विज 2023 के लिए छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया गया है। रजिस्ट्रेशन की तिथि बढ़ाकर अब 10 नवंबर तक कर दी गई है। पहले यह तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित थी। बेसिक विद्यालयों के छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया निशुल्क कर दी गई है।
बीईओ ज्ञान चंद्र मिश्र ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए सभी कंपोजिट तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सहभागिता इसमें कराई जाए। स्वास्थ्य-फिटनेस के साथ ही स्वदेशी खेलों से बच्चों को जोड़ने को लेकर यह पहल की गई है। प्रत्येक विद्यालयों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाना अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन में स्कूली छात्रों के प्रोत्साहन के लिए विभाग की ओर से तिथि बढ़ाई गई है तथा निशुल्क किया गया है। उन्होंने बताया कि फिट इंडिया क्विज में सफल होने के लिए अभ्यर्थियों को चार राउंड से गुजारना पड़ेगा। पहला राउंड विद्यालय स्तर पर होगा। जबकि दूसरा राउंड जिला स्तर, तीसरा राउंड राज्य स्तर और चौथा राउंड राष्ट्रीय स्तर पर होगा। नेशनल राउंड में सफल विद्यालय को 25 लाख रुपये और अभ्यर्थी को 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम उप विजेता विद्यालय को 15 लाख रुपये और छात्र को 1.50 लाख रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफल विद्यालय को 2.50 लाख रुपये और अभ्यर्थी को 25,000 रुपये मिलेंगे। प्रथम उप विजेता विद्यालय को एक लाख रुपये और अभ्यर्थी को 10,000 दूसरे उपविजेता विद्यालय को 50,000 रुपये और अभ्यर्थी को 5,000 रुपये प्रोत्साहन राशि दिया जाएगा। एनटीए राउंड में सफल होने वाले विद्यालय को 15,000 और अभ्यर्थी को 1,000 रुपये पुरस्कार दिया जाएगा।