मेंहदावल। थाना क्षेत्र के नगपुर गांव में जबरन बकरी ले जाने का विरोध करने पर कुछ लोगों ने दो भाइयों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। आरोपियों ने गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेंहदावल थाना क्षेत्र के नगपुर निवासी लालकेश्वर तिवारी ने बताया कि बुधवार की रात जाकिर हुसैन, नासिर हुसैन, मोहम्मद हुसैन और मुबारक अली उसके दरवाजे से जबरन बकरी ले जा रहे थे। विरोध करने पर सभी गाली-गलौज करते हुए चले गए।
कुछ देर बाद सभी एकजुट होकर उसके भाई धर्मेन्द्र तिवारी के दरवाजे पर पहुंचे और फिर से गालियां देने लगे। मना करने पर आरोपियों ने लालकेश्वर और धर्मेंद्र को दरवाजे से खींचकर लाठी, डंडे और रॉड से मारना-पीटना शुरू कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने गले पर पैर रखकर जान से मारने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। हमले में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं। उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें खतरे से बाहर बताया है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।