कोतवाली में व्यापारियों के साथ बैठक करते एसपी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
व्यापारी संपर्क में रहें, पुलिस पूरी सुरक्षा देगी : एसपी
एसपी ने व्यापारियों के साथ कोतवाली में बैठक की
शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए यातायात विभाग को निर्देशित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद में रविवार को एसपी डॉ. कौस्तुुभ ने व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने त्योहारों के दौरान व्यापारियों को भरपूर सुरक्षा दिए जाने का आश्वासन दिया।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने व्यापारियों से समस्याओं के बारे में पूछा। इसमें व्यापारियों की ओर से मुख्य रूप से यातायात व्यवस्था व पार्किंग की समस्या के बारे में अवगत कराया गया। इस पर एसपी ने यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया कि हर चौराहे पर पुलिस कर्मियों को लगाया जाए। कोई भी वाहन सड़क पर न खड़ा होने पाए। इसके साथ ही शहर में जाम न लगे। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति आश्वस्त करते हुए कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत यूपी-112 तथा स्थानीय पुलिस व क्यूआरटी की गाड़ियां सर्राफा बाजार/व्यापारिक प्रतिष्ठानों/महत्वपूर्ण स्थानों के आसपास 24 घंटे भ्रमण करती रहेंगी। ताकि त्योहार के समय अत्यधिक भीड़ होने पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न घटित हो सके। किसी भी प्रकार की आशंका होने पर अविलंब पुलिस को सूचना दें, जिससे समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके। इस दौरान एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ अंशुमान मिश्र, कोतवाल अनिल कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।