साइबर अपराधों पर रोक लगाएं : एसपी
एसपी ने साइबर सेल एवं साइबर हेल्प डेस्क के कर्मियों के साथ बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। पुलिस लाइंस सभागार में रविवार को एसपी डॉ. कौस्तुभ ने साइबर सेल एवं थानों पर स्थापित साइबर हेल्प डेस्क के कर्मियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने साइबर सेल से जुड़े मामलों की समीक्षा की।
एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध में वृद्धि हो रही है। इस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है। पीड़ितों की सुनवाई होनी चाहिए। ताकि लोगों के बीच पुलिस की छवि अच्छी बने। उन्होंने साइबर सेल व साइबर हेल्प डेस्क को साइबर जागरुकता कार्यक्रम चलाने के लिए निर्देशित किया। कहा कि आम जनता को साइबर से संबंधित होने वाले क्राइम पर कार्ययोजना तैयार कर लोगों को साइबर क्राइम में बरतने वाली सावधानियाें के बारे में बताया जाए। इसके साथ ही फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप आदि सोशल साइट्स से हनी ट्रैप के संबंध में अपराध एवं सिम कार्ड के माध्यम से होने वाले फ्रॉड, फोन काल के माध्यम से होने वाले फ्रॉड, ऑनलाइन एप के माध्यम से सामान खरीदने व बेचने से संबंधित फ्रॉड वाले साइबर अपराधों के बारे में भी जागरूक किया जाए। इस अवसर पर सीओ रामप्रकाश, सीओ राजीव कुमार यादव, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा, कांस्टेबल अहमद रजा, कांस्टेबल पुष्पेंद्र गौतम समेत साइबर सेल से संबंधित अन्य मौजूद रहे।