बस्ती मंडल के 661 स्कूलों में चलेगी स्मार्ट क्लास
संतकबीरनगर जिले के 152, बस्ती के 209 और सिद्धार्थनगर के 300 विद्यालय हुए चयनित
प्रति विद्यालय दो लाख 40 हजार रुपये हुए अवमुक्त
संतकबीरनगर। परिषदीय विद्यालयों को प्राइवेट विद्यालयों की तर्ज पर विकसित करने के लिए स्मार्ट क्लास चलाई जाएगी। पहले चरण में कस्तूरबा हैंसर समेत बस्ती मंडल के 661 स्कूलों का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं के संचालन में सामान की खरीददारी के लिए प्रति विद्यालय दो लाख 40 हजार रुपये भी जारी किए गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि 15 जुलाई के बाद से इन विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
सरकार प्राथमिक विद्यालयों की दशा सुधारने के लिए नित नए प्रयोग कर रही है। अभी विद्यालयों को बेहतर बनाने की दशा में कायाकल्प योजना चल रही है। इसमें परिषदीय विद्यालयों में टाइल्स, रंगाई पुताई के साथ-साथ साज-सज्जा का कार्य भी हुआ है। इधर, शासन ने बच्चों को स्मार्ट क्लास के माध्यम से उन्हें और अधिक दक्ष करने जा रही है। जिले के 152 विद्यालयों में पहले चरण में स्मार्ट कक्षाएं शुरू होंगी। स्मार्ट कक्षाओं के संचालन के लिए एलईडी टीवी, प्रोजेक्टर, इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरा आदि की खरीदारी के लिए दो लाख 40 हजार रुपये प्रति विद्यालय के हिसाब से जारी किया है। जिले को कुल तीन करोड़ 64 लाख 80 हजार रुपये जारी हुए हैं। इसी तरह से बस्ती जिले के 209 स्कूलों के लिए पांच करोड़ एक लाख 60 हजार रुपये तथा सिद्धार्थनगर जिले के 300 स्कूलों के लिए सात करोड़ 20 लाख रुपये जारी हुए हैं। स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए जिला स्तर पर नोडल के रूप में जिला समन्वयक प्रशिक्षण को नामित किया जाएगा। जो कक्षाओं के संचालन से लेकर सामान की खरीदारी पर नजर रखेंगे। जिस कक्षा में स्मार्ट कक्षाएं चलेंगी, वह कक्षा पूरी तरह से सुरक्षित रहेगी। विद्यालय के आस पास रहने वाले शिक्षक व शिक्षामित्र के साथ ही प्रधान सामान की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार होंगे। कमरे के दरवाजे पर डबल लॉक लगाया जाएगा ताकि सामान को चोरी होने से बचाया जा सके। इसके साथ ही महानिदेशक स्कूल शिक्षा अभियान विजय किरन आनंद ने निर्देशित किया है कि बीएसए विद्यालयों का निरीक्षण कर लें और कक्षा का चिह्नांकन, सुरक्षा संबंधी उपाय और विद्युतीकरण आदि की व्यवस्था दुरुस्त कर लें। संवाद
इन ब्लॉकों के विद्यालयों का हुआ चयन
बघौली ब्लॉक 17 विद्यालय
बेलहर कलां ब्लॉक 20 विद्यालय
हैंसर ब्लॉक 25 विद्यालय
खलीलाबाद ब्लॉक 24 विद्यालय
मेंहदावल ब्लॉक 19 विद्यालय
नाथनगर ब्लॉक तीन विद्यालय
पौली ब्लॉक सात विद्यालय
सांथा ब्लॉक 14 विद्यालय
सेमरियावां ब्लॉक 23 विद्यालय
कोट
जिले के 152 परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित की जानी हैं। इसके लिए धन भी अवमुक्त हुआ है। इन विद्यालयों का निरीक्षण कर कक्ष का निर्धारण, बिजली व्यवस्था, सामान की सुरक्षा को लेकर उपाय किया जाएगा। प्रयास होगा कि 15 जुलाई केे बाद से स्मार्ट कक्षाएं संचालित होनी शुरू हो जाएं।
-दिनेश कुमार बीएसए