शहर के गोरखल में बन रही पानी की टंकी।
संतकबीरनगर। हर घर तक स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए शहर में 100 करोड़ की पेयजल परियोजना पर कार्य चल रहा है, लेकिन इस परियोजना की रफ्तार काफी सुस्त है। दिसंबर तक कार्य पूर्ण कराया जाना है पर अब तक सिर्फ 40 फीसदी ही कार्य हो सका है। योजना के तहत पुरानी पाइपलाइन भी बदली जानी हैं, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हो सका है।
शहर में 100 करोड़ की पेयजल परियोजना की स्वीकृति करीब दो साल पहले हुई थी। लंबे इंतजार के बाद करीब एक साल पहले इस परियोजना पर कार्य शुरू हुआ। इसके तहत तहत वार्डों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हुआ है। इसमें सीमा विस्तारित क्षेत्र भी शामिल है। इस योजना के तहत पांच जगहों पर वाटर टैंक बनना है, इसमें गोरखल, मटिहना, बंजरिया- नेदुला के बीच, पटखौली व खटौली शामिल है। अभी तक सिर्फ दो स्थानों पर ओवर हेड टैंक बनाने का कार्य शुरू हो सका है। इसके साथ ही पुरानी पाइपलाइन बदलने का कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में लोगों को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।