संतकबीरनगर। जनपद न्यायाधीश महेंद्र प्रसाद चौधरी के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज महेंद्र कुमार सिंह की पहल पर शनिवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
लीगल एंड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव को अपनी पीड़ा सुनाते हुए एक बंदी ने कहा कि 3500 रुपये में पुराना मोबाइल खरीदने की सजा भुगत रहा हूं।
कोतवाली खलीलाबाद के गोला बाजार निवासी शाहिद उर्फ साहिल ने कहा कि कुछ समय पहले गुल्ली-डंडा खेलने को लेकर विवाद हो गया था। मामले में केस भी दर्ज हुआ था। जेल से छूटने के बाद उसने मोहल्ले के एक व्यक्ति से पुराना मोबाइल खरीद लिया, जो शायद चोरी का था।
उसके बाद से ही परेशानी बढ़ गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के साथ ही तीन अन्य केस में नामजद कर दिया। उसने बेकसूर होने की बात कहते हुए भविष्य में कभी पुराना मोबाइल नहीं खरीदने की बात कही। उसने जेल से छुड़ाने की गुहार लगाई।
वहीं, बखिरा थाना क्षेत्र के लेदवा गांव निवासी राशिद अली ने भी अपनी जमानत कराने की बात कही। दहेज हत्या के मामले में निरुद्ध राशिद अली ने कहा कि उसे एक साजिश के तहत फंसाया गया है। उसने कहा कि मां की मृत्यु पहले हो चुकी है। घर पर दादा व पिता जी है, जिन्हें दिखाई नहीं पड़ता है। घर से पैरवी करने वाला कोई नहीं है। इस प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या बताई, जिनके निराकरण कराए जाने की बात कही गई।
इस दौरान डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल मो. दानिश, प्रज्ञा श्रीवास्तव, उप कारागार पाल गीतारानी, जेल परा स्वयं सेवक सुनील प्रताप आदि लोग मौजूद रहे।