संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 33 केंद्रों पर सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 29 फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा में 50 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षाएं वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी की निगरानी में होगी।
सिद्धार्र्थ विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 29 फरवरी से शुरू होकर 23 अप्रैल तक चलेंगी। परीक्षा के लिए जिले में 33 महाविद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। जिस कक्ष में परीक्षा होगी उसमे वायस रिकार्डरयुक्त सीसीटीवी कैमरा लगा होना अनिवार्य है। परीक्षा की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय में बने कंट्रोल रूम से सीधे परीक्षा केंद्रों का हाल जाना जाएगा। इसके लिए हर परीक्षा केंद्र का कोड जारी कर दिया गया है। एचआरपीजी कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है। विश्वविद्यालयीय परीक्षा के नोडल अधिकारी डॉ. रामसोच यादव ने बताया कि परीक्षार्थी प्रवेश पत्र और पेन के अलावा अन्य कोई भी सामान परीक्षा केंद्र के अंदर लेकर न जाए। सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी विश्वविद्यालय के जरिए की जाएगी। परीक्षा केंद्रों की जांच के लिए विश्वविद्यालय के द्वारा आंतरिक सचल दस्ते का गठन कर लिया गया है। जो महाविद्यालय गेट से परीक्षा कक्ष में तलाशी लेते रहेंगे। किसी भी परीक्षार्थी के बाद कोई अनुचित सामग्री बरामद होगी तो कार्रवाई की जाएगी।