बखिरा। नगर पंचायत बाघनगर उर्फ बखिरा में स्थित जर्जर हो चुके श्रीरामजानकी मंदिर का 198 लाख की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा। प्रदेश सरकार की वंदन योजना के तहत रामजानकी मंदिर के अवस्थापना व अन्य सुविधाओं के विकास के लिए उप्र शासन ने 198.02 लाख की स्वीकृत किया है। विकास कार्य कराने के लिए 50 लाख रुपये की प्रथम किस्त अवमुक्त भी कर दी गई है। मेंहदावल के पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने जर्जर हो चुके श्रीराम जानकी मंदिर का वंदन योजना के तहत विकास करने के लिए शासन में पहले की थी।
इसके बाद उप्र शासन के अनु सचिव पारसनाथ ने निदेशक नगर विकास विभाग उप्र को जारी शासनादेश अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए थे। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में उप्र नगरीय क्षेत्रों में अवस्थित सांस्कृतिक, धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों पर अवस्थापना एवं अन्य सुविधाओं का विकास होना है।
इसे सरकार ने वंदन योजना का नाम दिया है। वंदन योजना में नगर पंचायत बखिरा में स्थित रामजानकी मन्दिर के पुनर्निर्माण के लिए एक करोड़ अनठानबे हजार रुपए की वित्तीय स्वीकृति की है। इस क्रम में पचास लाख रुपये की प्रथम किस्त भी अवमुक्त कर दी गई है।
रामजानकी मंदिर के पुनर्निर्माण में विश्रामालय/हाल, सीसी संपर्क मार्ग, इंटरलाॅकिंग, बेंच एवं वाटर कियोस्क निर्माण व प्रकाश व्यवस्था की जाएगी।
श्री रामजानकी मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए शासन द्वारा धन स्वीकृति पर कस्बे के दयाशंकर गुप्त, राजेश, चन्द्रप्रकाश, गोविंद समेत अन्य लोगो ने खुशी जताई है।