मेंहदावल। थाना क्षेत्र के सिगरहट गांव में खेलते-खेलते कुएं में गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत सिगरहट निवासी माता दीन शर्मा की पुत्री दिव्या (7) दो बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर की थी। स्वजनों के अनुसार दिवाली के दिन दोपहर में वह घर से खेलने के लिए निकली थी। देर शाम तक घर न लौटने पर स्वजनों ने खोजबीन शुरू की। देर रात तक कोई पता न चलने पर ग्रामीणों को कुएं में गिरने की आशंका हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने गांव में स्थित कुएं में टॉर्च की रोशनी से देखा और बांस से पानी हिलाया तो बच्ची का शव दिखाई दिया।
काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के वक्त गांव में पटाखे फूट रहे थे, इस कारण बच्ची के गिरने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। स्वजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। संवाद