लंग्स कैंसर से बचाव की जानकारी दी
- पुलिस लाइंस में विश्व लंग्स कैंसर दिवस पर कार्यशाला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। विश्व लंग्स कैंसर दिवस के अवसर पर रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों को कैंसर से बचाव की जानकारी दी गई।
वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित लंग्स कैंसर से बचाव व जागरूकता कार्यशाला में डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने कहा कि दुनिया की सभी जानलेवा बीमारियों में कैंसर सबसे खतरनाक है, क्योंकि कई बार इसके लक्षणों का पता नहीं चल पाता है। जब इस बीमारी के होने का खुलासा होता है, तब तक काफी देर हो जाती है और यह रोग पूरे शरीर में फैल जाता है। इसी वजह से कई लोगों को उचित इलाज का समय नहीं मिल पाता है और उनकी मौत हो जाती है। वैसे कैंसर में सबसे खतरनाक फेफड़ों का कैंसर होता है, जिसे लंग्स कैंसर कहते है। डॉ टी एम शुक्ला ने कहा कि लोगों में गलत धारणा है कि यह बीमारी छूने से फैलती है। इसलिए कैंसर पीड़ित व्यक्ति को समाज में घृणा और अछूत के रूप में देखा जाता है। इस तरह के मिथक को दूर करने के लिए यह दिन मनाया जाता है। विशेषज्ञों ने लंग्स कैंसर से जुड़ी से सभी बातों को विस्तृत तरीके से समझाया। इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक पंकज त्रिपाठी समेत अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।