टेलर की टक्कर से बाइक सवार सेल्समैन की मौत
धनघटा। रामजानकी मार्ग पर मंगलवार की रात अज्ञात टेलर की टक्कर से बाइक सवार सेल्समैन की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात टेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया।
गोरखपुर जिले के सिकरीगंज क्षेत्र के यदुपटटी गांव निवासी 45 वर्षीय उपेंद्र सिंह खलीलाबाद में एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन का काम करते थे। मंगलवार की रात करीब नौ बजे वह बाइक से घर जा रहे थे। जब वह खांजों गांव के पास पहुंचे तो सिकरीगंज की ओर से गुजरे टेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गए। खाजों गांव के लोग उन्हें सीएचसी मलौली भेजवाए और घटना की सूचना पुलिस को दी। सीएचसी मलौली में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने घायल को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। एसओ अनिल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात टेलर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई। संवाद
करंट की चपेट में आने से युवक की मौत
धनघटा। क्षेत्र के दूलमपुर गांव निवासी युवक की बुधवार को करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
35 वर्षीय झीनक मकान का निर्माण करा रहे थे। उनके मकान में छत लगाने का काम चल रहा था। जिस जगह झीनक का मकान बन रहा है। उनके मकान के ऊपर से हाई वोल्टेज विद्युत तार गया हुआ है। जब वह सरिया उठाकर मोड़ रहे थे तो उसी समय सरिया विद्युत के तार से छू गया। इससे झीनक करंट की चपेट में आ गए। वह जमीन पर गिर गए। उसके बाद उन्हें लेकर परिजन सीएचसी मलौली गए, जहां देखते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अचानक हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है। संवाद