कलेक्ट्रेट में बच्ची को राज्यस्तरीय प्रमाण पत्र देती डीएम।
- फोटो : KHALILABAD
साक्षी और अजय को मिला राज्यस्तरीय पुरस्कार
डीएम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रबंधकों की बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। मान्यता प्राप्त विद्यालयों को दीक्षा एप से जोड़ने को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में प्रबंधकों की बैठक हुई। इसमें विद्यालयों के शैक्षिक स्टाफ को दीक्षा एप पर जोड़ने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान डीएम ने मेरी उड़ान प्रतियोगिता के विजयी दो प्रतिभागियों को राज्यस्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि दीक्षा एप से जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षक व अभिभावक को जोड़ा जाना है। इसके लिए सभी विद्यालय समय से इस कार्य में लग जाएं। इस एप पर हर विषय हर प्रकार की पठन-पाठन की सामग्री उपलब्ध है। इसके साथ ही शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए भी सामग्री दी गई है। प्रबंधक और प्रधानाचार्यों का एक ग्रुप बनेगा। जिस पर हर तरह की सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह शासन की प्राथमिकता में है। इसलिए इस कार्य को जल्द ही पूर्ण कर लिया जाए। बीएसए सत्येंद्र सिंह ने बताया कि राज्यस्तर पर आयोजित मेरी उड़ान प्रतियोगिता में जिले के सांथा ब्लॉक की उच्च प्राथमिक विद्यालय अतरीनानकार की साक्षी पांडेय और उच्च प्राथमिक विद्यालय विश्वनाथपुर के अजय गौड़ ने पहला स्थान हासिल किया है। डीएम ने इन दोनों प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीडीओ अतुल मिश्र, जिला समन्वयक प्रशिक्षण नवीन कुमार दुबे, संजय मौर्य, बजरंगी लाल विश्वकर्मा, बीईओ ऋषिकेश सिंह, अशोक राय, विंदेश्वरी प्रसाद मिश्र, प्रबंधक घनश्याम शुक्ल, गिरधारीलाल, राजकुमार यादव समेत अन्य मौजूद रहे।