बारिश और जलभराव से बदहाल हुईं सड़कें
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। बारिश और जलभराव के चलते जिले की अधिकतर सड़कें बदहाल हो चुकीं हैं। इन सड़कों पर आना-जाना जान जोखिम में डालने के समान है। यह स्थिति तब है जबकि शासन का निर्देश था कि 15 सितंबर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान चलाया जाए।
बारिश और जलभराव के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों की हालत बदतर हो गई है। खलीलाबाद के आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास तक जाने वाली सड़क डिवाइडर के एक तरफ पूरी तरह से गड्ढे में तब्दील है। वर्तमान में इन गड्ढों में ईंट के टुकड़े डाल दिए गए हैं, इस कारण आना-जाना मुश्किल हो गया है। यही नहीं बारिश के समय पानी भर जाने से यह मार्ग एक तरफ से बंद हो जाता है। विधियानी होकर रेलवे स्टेेशन की ओर जाने वाली सड़क भी गड्ढों में तब्दील हो गईं हैं। इस मार्ग से होकर धनघटा की ओर बड़े-छोटे वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में कभी भी दुर्घटना हो सकती है। दुुर्गजोत से बखिरा मार्ग पर भी गड्ढों की भरमार है। इस मार्ग पर मनवापुर के समीप रेन कट के कारण सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से कट गया है। ऐसे में रात्रि के समय में यहां से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। ऐसी ही और कई सड़कें है जो यात्रा करने लायक नहीं रह गई हैं।
बदहाल सड़कों को किया जा रहा चिह्नित
भले ही शासन ने 15 सितंबर से अभियान चलाकर सड़कों को गड्ढों से मुक्त करने का अभियान शुरू करने का निर्देश दिया है, लेकिन अभी विभाग बाढ़ व बारिश के कारण जर्जर हो चुकी सड़कों को चिह्नित करने में लगा है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर कब तक सड़कें चिह्नित होंगी और कब गड्ढा मुक्त होंगी।
बाढ़ व बारिश के चलते जर्जर हुई सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की तैयारी चल रही है। अभी बीच-बीच में बारिश हो रही है। इस कारण कार्य शुरू नहीं हो सका है। जैसे ही मौसम ठीक होगा, सड़कों को गड्ढा मुक्त करा दिया जाएगा।
- रामजीत प्रसाद, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी