- पहले चरण में जिला अस्पताल और चार सीएचसी पर होगी तैनाती
- शासन से मिल चुकी है हरी झंडी
- अस्पतालों में आए दिन चोरी और मरीजों से अभद्रता की मिल रही थीं शिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के सरकारी अस्पतालों की सुरक्षा अब रिटायर्ड फौजी संभालेंगे, इसे लेकर तैयारी शुरू हो गई है। पहले चरण में जिला अस्पताल और चार सीएचसी का चयन किया गया है। इनमें कुल 30 रिटायर फौजी की तैनाती होगी। इसके लिए शासन से हरी झंडी मिल चुकी है। अस्पतालों में आए दिन चोरी व मरीजों के साथ अभद्रता की शिकायतों को लेकर यह निर्णय लिया गया है।
जिले में एक जिला अस्पताल और आठ सीएचसी के अलावा 22 पीएचसी संचालित है। इन अस्पतालों की सुरक्षा के लिए अभी कोई इंतजाम नहीं हैं। जिला अस्पताल में गार्ड की तैनाती है लेकिन वे दिखते नहीं हैं। इधर अस्पतालों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर है। चार दिन पहले सीएचसी सेमरियावां में चिकित्सक के आवास में चोरी का मामला सामने आया था। इसी तरह से जिला अस्पताल में भी आए दिन मरीज व तीमारदारों का विवाद सामने आता रहता है।
शासन ने अब अस्पतालों की सुरक्षा सेवानिवृत्त सैनिकों को देने की योजना शुरू की है। इसके लिए जिले में 30 सेवानिवृत्त सैनिक निजी संस्था के जरिए रखे जाएंगे। इनमें जिला अस्पताल में 10 सैनिकों की तैनाती होगी। पहले चरण में खलीलाबार, हैंसर, मेंहदावल और सेमरियावां का चयन किया गया है। हर सीएचसी पर पांच-पांच सैनिक तैनात होंगे। इसके बाद अस्पताल में अराजक तत्वों पर लगाम लगेगी।
अस्पतालों की सुरक्षा के लिए रिटायर्ड सैनिक की सेवा ली जाएगी। अभी 30 सैनिकों की तैनाती होगी। जिन्हें जिला अस्पताल और चार सीएचसी की जिम्मेदारी दी जाएगी।
- डॉ. रामानुज कनौजिया, सीएमओ