टापू पर फंसे लोगों को बचाने का किया पूर्वाभ्यास
बाढ़ से बचाव व राहत कार्य के लिए बिडहर घाट पर की गई मॉक ड्रिल
संतकबीरनगर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में बृहस्पतिवार को धनघटा तहसील के अंतर्गत घाघरा नदी के बिड़हर घाट पर बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्य की मॉक ड्रिल की गई।
इसमें राजस्व, पुलिस, चिकित्सा, पशु चिकित्सा, अग्निशमन, आपूर्ति विभाग, पशुपालन, बाढ़ खंड, पंचायतीराज विभाग, आपदा सलाहकार एवं आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। मॉक ड्रिल के दौरान बाढ़ आने पर किसी डूबते हुए व्यक्ति को नदी से बचाव कर निकालने व तत्काल प्राथमिक चिकित्सा के लिए भेजने की प्रक्रिया बचाव दल व चिकित्सकों की टीम ने प्रदर्शित किया। इंसिडेंट कमांड व कम्यूनिकेशन पोस्ट भी स्थापित कर प्रदर्शित किया गया, जहां बाढ़ से प्रभावित व्यक्ति आवश्यक जानकारी प्राप्त करते देखे गए।
मॉक ड्रिल में आपदा से प्रभावित जनसंख्या को उनके घरों से सुरक्षित निकाल कर बाढ़ राहत शिविर, आदर्श इंटर कॉलेज उमरियां बाजार में पहुंचाया गया। जहां प्रभावित लोगों के लिए मेडिकल कैंप, खाद्य एवं रसद विभाग की तरफ से भोजन के लिए शिविर लगाया गया था। पशुओं की देखभाल के लिए पशुपालन विभाग की तरफ से कैंप भी स्थापित किया गया।
अग्निशमन विभाग की टीम भी मुस्तैद रही। पंचायती राज विभाग की तरफ राहत शिविर में साफ-सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। इस दौरान एसडीएम रवींद्र कुमार, सीओ रामप्रकाश, तहसीलदार धनघटा रत्नेश त्रिपाठी, नायब तहसीलदार योगेंद्र कुमार पांडेय आदि अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।