संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्र में बारिश से सड़काें का बुरा हाल हो गया है। सड़कें जगह-जगह टूट गई हैं और बड़े- बड़े गड्ढे हो गए हैं। इसके साथ ही कई जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे आवागमन में दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
शहर के बड़गो स्थित पेट्रोल पंप के पास जबरदस्त जलभराव बना हुआ है। सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इसी तरह मुखलिसपुर रोड की सर्विसलेन पूरी तरह से टूट गई है। जल निगम ने पेयजल के लिए पाइप डालने के लिए कई जगह खोदाई कर दी है। इससे समस्या और बढ़ गई है, जबकि विधियानी रोड पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।
हालांकि नगर पालिका प्रशासन इस मार्ग पर ईंट के टुकड़े डालकर गड्ढों को भरने में जुटा है लेकिन लोगों की समस्या कम नहीं हुई है।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार तहसील क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही है। इसके के कारण शहर से लेकर गांव तक जलभराव की समस्या सामने आ रही है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। मेंहदावल नगर पंचायत के मंझरिया तिवारी वार्ड में आबादी तथा खेतों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसको लेकर लोगों ने तहसील प्रशासन को प्रार्थनापत्र भी दिया।
सभासद संदीप तिवारी का कहना है कि खलीलाबाद-बहराइच रेललाइन का निर्माण हो रहा है। जल निकासी के लिए गांव के बाहर एक नहर बनी है, जिसको रेलवे के ठेकेदारों ने मिट्टी डालकर अवरूद्ध कर दिया है। इसके कारण बारिश का पानी आबादी से बाहर नहीं निकल पा रहा है और गांव में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।
संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में भी इस समस्या को लेकर प्रार्थनापत्र दिया गया है, लेकिन अभी तक समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया है। दूसरी तरफ विकासखंड की ग्राम पंचायत जमोहरा के टोला मदरहवा में बारिश के पानी से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। आबादी के बीच जलभराव होने के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
समस्या के निस्तारण के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी से गांव के लोगों ने शिकायत की है। विकास खंड सांथा के गनवरिया चौराहे पर जलभराव है। लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। जो वाहन इस सड़क से गुजर रहे हैं उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ रही है। वाहनों के आने-जाने से लोगों के ऊपर छीटें भी पड़ रही हैं।
विकासखंड कार्यालय से कुछ कदमों की दूरी पर जलभराव की समस्या लोग झेल रहे हैं। सड़क पर जलभराव होने से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका प्रबल हो रही है फिर भी जिम्मेदार अधिकारी मौन है। इसको लेकर लोगों में नाराजगी है।
क्षेत्रीय निवासी विनोद कुमार, प्रमोद, आकाश चौहान, बृजेंद्र कुमार, अर्जुन सिंह आदि का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मच्छर तथा गंदगी का प्रकोप बढ़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से जलभराव से मुक्ति दिलाने की मांग की है।
महुली प्रतिनिधि जिले के दक्षिणांचल में स्थित सबसे बड़े कस्बा महुली में टूटी सड़कों और जलभराव से परेशानी बढ़ गई है। महुली कस्बे की आबादी लगभग 15000 है और इसका क्षेत्रफल भी पांच किलोमीटर में फैला है लेकिन इस कस्बे में लगभग 20 गड़ही और पोखरा भी है और सारी जगह अतिक्रमणकारियों का कब्जा है।