संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। स्थानीय कस्बे से अतरीनानकार मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए चिंता का विषय बनी है। मेंहदूपार के पास सड़क किनारे बना रेनकट, मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियां तथा पुल की एप्रोच का हिस्सा बारिश में धंस गया है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा रहा है।
यह मार्ग धर्मसिंहवा को सिद्धार्थनगर से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। इस पर प्रतिदिन बसें, एंबुलेंस, स्कूल वाहन और अन्य छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क किनारे गहरे कटाव और झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
पुल के पास धंसे हिस्से से विशेषकर रात के समय और बरसात में आवागमन और अधिक जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते रेनकट की भराई, पुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच की मरम्मत और सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीण अजमल, विनोद, रितेश, आशीष, संतोष, पिंटू, अबुल कलाम ,राधेश्याम आदि ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कार्य कराकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की है।