संतकबीरनगर। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन नौ करोड़ रुपये से संवर रहा है। मेगा ब्लॉक के बीच यहां काम में तेजी आई है। प्लेटफाॅर्म नंबर दो का जहां विस्तार किया जा रहा है, वहीं झूमर लाइटें लगाई जा रही हैं। टिकट काउंटर को वातानुकूलित बनाया जा रहा है।
इसके साथ ही पेयजल के लिए वाटर एटीएम और पुरानी टाेंटियों के स्थान पर नई टोंटियां लगाई जा रही हंै। इससे आने वाले दिनों में यह स्टेशन बदला नजर आएगा। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए रेल मंत्रालय ने अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया है। स्टेशन पर विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की मंशा है।
यात्रियों को एक प्लेटफाॅर्म से दूसरे प्लेटफाॅर्म पर जाने के लिए दो लिफ्ट तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही ओवरब्रिज की सीढि़यों की आकर्षक ढंग से रंगाई-पुताई कराई गई है। इस समय प्लेटफाॅर्म नंबर दो का विस्तार किया जा रहा है।
यहां पर नए शेड लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही यात्रियों को बैठने के लिए नए बेंच बनाए जा रहे हैं। यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसको ध्यान में रखकर भी बेंच के ऊपर आधुनिक छाजन लगाए जा रहे हैं। स्टेशन के एरिया में वाई-फाई की सुविधा के लिए भी कदम उठाया गया हैं। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा मिल सकेगी।
अभी तक रेलवे स्टेशन पर प्रवेश के लिए सिर्फ एक गेट बनाया गया था, लेकिन अब पश्चिम तरफ एक और प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है, ताकि भीड़ होने पर यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।