धनघटा। क्षेत्र के बंडा बाजार में शनिवार की देर रात एक बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार भी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया। उसकी भी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बरपरवा गांव निवासी रिटायर्ड शिक्षक राजेंद्र सिंह भंडा में किराये का मकान लेकर निवास करते हैं। शनिवार को रात करीब 9 बजे उनकी 65 वर्षीय पत्नी कैलाशी देवी भोजन करने के बाद राम जानकी मार्ग पर टहल रही थीं। उसी समय धनघटा की ओर से हैंसर की तरफ जा रही बाइक ने वृद्धा कैलाशी देवी को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। बाइक सवार भी थोड़ी दूर पर जाकर अनियंत्रित होकर गिरा और अचेत हो गया।
गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली पहुंचाया गया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार मृतक की पहचान क्षेत्र के रामपुर मध्य गांव निवासी विशाल कुमार (32) पुत्र गिरजेश के रूप में हुई। घटना के बाद दोनों परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है की विशाल कुमार शादी में शामिल होने के लिए डुहिया खुर्द गांव जा रहा था। उसके साथ गांव का सुधांशु भी था उसे मामूली चोट आई है। पुलिस ने दोनों लोगों के शव को रात ही में कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी।
पोस्टमार्टम हाउस पर विशाल के रिश्तेदार जुट गए। विशाल मेहनत मजदूरी का परिवार का भरण पोषण करता था। एसओ रामकृष्ण मिश्र का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वैसे दोनों के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।