संतकबीरनगर। हैंसर बाजार क्षेत्र में किसानों को नकली खाद बेचने की शिकायत पर बुधवार को कृषि विभाग की टीम ने छापा मारा। प्रारंभिक जांच में डीएपी के नाम पर नकली उर्वरक बेचने की शिकायत सही प्रतीत हुई। टीम ने दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर गोदाम सील करने की कार्रवाई की। वहीं, डीसीएफ संठी का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जानकारी के अनुसार, किसानों ने शिकायत की थी कि संठी चौराहे पर दो भाइयों की बीज की दुकानें हैं। आरोप था कि इफको कंपनी के डीएपी बैग में नकली उर्वरक भरकर बिना रसीद और कैश मेमो के अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है। शिकायत पर वरिष्ठ प्राविधिक सहायक कृषि फिरतूराम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कथित डीएपी के दानों को चूने के साथ रगड़ने पर अमोनिया जैसी तीक्ष्ण गंध नहीं आई। दाने आसानी से टूटकर भुरभुरे हो गए।
इसके बाद हरिश्चंद्र पुत्र स्वर्गीय गब्बूलाल, निवासी सोनडीहा के घर से उर्वरक का नमूना तीन प्रतियों में लेकर प्रयोगशाला भेजने की कार्रवाई की गई। जांच टीम ने संठी चौराहे स्थित मेसर्स जिला सहकारी फेडरेशन लिमिटेड और मेसर्स मौर्या बीज भंडार का निरीक्षण किया।
जिला सहकारी फेडरेशन लिमिटेड के प्रोपराइटर धरणीधर शुक्ल के प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान गोदाम और मकान में ताला बंद मिला। पीछे के दरवाजे के रोशनदान से देखने पर यूरिया के पांच-छह बैग दिखाई दिए। वहीं, टीनशेड परिसर में तिरपाल से ढकी दानेदार जिप्सम की 20 बोरियां और पोटाश के सात खाली बैग मिले। आसपास जिप्सम, पोटाश और यूरिया के दाने भी बिखरे हुए थे।
टीम ने इन सामग्रियों को जब्त कर किसान कल्याण केंद्र धनघटा में सुरक्षित रखवा दिया। मौके की स्थिति से वहां नकली उर्वरक की पैकिंग किए जाने की आशंका जताई गई। विभागीय टीम ने उर्वरकों की कालाबाजारी और नकली खाद तैयार किए जाने की आशंका के आधार पर डीसीएफ संठी का उर्वरक प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी कर प्रतिष्ठान पर चस्पा किया और गोदाम सील कर दिया।
इसके बाद टीम ने चतुर्भुज मौर्य उर्फ डिंपल मौर्य के मेसर्स मौर्या बीज भंडार का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि प्रतिष्ठान पर बीज की बिक्री भी की जा रही थी, जबकि उसका बीज प्राधिकार पत्र 19 सितंबर 2023 तक ही वैध था। बिना वैध प्राधिकार पत्र के बीज बिक्री करने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस प्रतिष्ठान पर चस्पा कर गोदाम सील कर दिया गया।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक कृषि फिरतूराम ने बताया कि जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान डॉ. बृजेश कुमार चौधरी, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए (कृषि) और शकील अहमद, वरिष्ठ सहायक मौजूद रहे।