सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया
- बेलहर क्षेत्र के मंझरिया पठान गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बेलहर। क्षेत्र के मंझरिया पठान ग्राम पंचायत में सफाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को गांव में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में किसी सफाईकर्मी की तैनाती नहीं है। जिसकी वजह से गदंगी का अंबार लगा है। ग्रामीणों ने सफाई कराने की मांग की है।
प्रदर्शन कर रहे सज्जाद रजा, मोहम्मद रजा, विष्णु देव, राजेश, अकरम हुसैन, हकीकुल्लाह, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद शोएब, मथुरा, सोनू, लल्लू, नोमान और सुरेश आदि ने कहा कि गांव में सफाईकर्मी न होने से गंदगी चारों तरफ फैली है। यहां साफ-सफाई नहीं की जा रही है। गंदगी से नालियां बजबजा रही हैं। नालियों की सफाई न होने से जाम हो गई हैं। गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इसके साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों में संक्रमित बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। ग्राम प्रधान बाबू लाल निषाद ने बताया कि कई बार एडीओ पंचायत को शिकायत पत्र भी दिया गया, पर सफाई कर्मी की नियुक्ति नहीं हुई। इस संबंध में एडीओ पंचायत सभाजीत यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में है। गांव में जल्द से जल्द सफाई कर्मी की नियुक्ति की जाएगी और रोस्टर के अनुसार सफाई होगी।