धनघटा। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर मंगलवार को सफाई कर्मचारी संघ नाथनगर इकाई ब्लाॅक अध्यक्ष उदयराज यादव के नेतृत्व में ब्लाॅक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। यूपीएस और एनपीएस का विरोध करते हुए काली पट्टी बांधकर पूरे दिन कर्मी काम करते रहे।
सरकार जहां नई पेंशन स्कीम लागू करने जा रही है। वही यूपीएस और एनपीएस के विरोध में कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अटेवा के आह्वान पर मंगलवार को सफाईकर्मी संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष उदय राज यादव के नेतृत्व में एडीओ पंंचायत मैनुद्दीन सिद्दीकी, ग्राम्य विकास संघ के ब्लाॅक अध्यक्ष प्रशांत यादव, सफाईकर्मी संघ के जिला संगठन मंत्री मान सिंह यादव, लिपिक विनय तिवारी, सचिव शिवेंद्र कुमार, संजय शर्मा, धर्मेन्द्र यादव, विश्राम यादव, केशव दास, जयंत कुमार, महेंद्र चौधरी, दिलीप कुमार गौड, शिव कुमार, घुरहू प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी बीडीओ कार्यालय के सामने एनपीएस और यूपीएस का विरोध करते हुए प्रदर्शन व नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि तीन साल से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार कर्मचारियों की आवाज को सुन नहीं रही है। नई पेंशन लागू करके सरकार हमारे बुढ़ापे का सहारा छीन रही है। कर्मचारियों के साथ धोखा हो रहा है। उदयराज यादव ने कहा कि ओपीएस बहाली के लिए आंदोलन को और अधिक धार दी जाएगी।