ऐतिहासिक होगी प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली : अजय कुमार लल्लू
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने रैली के लिए बस्ती और गोरखपुर मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। गोरखपुर में 31 अक्तूबर को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली की तैयारी को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने शहर के एक होटल में बस्ती और गोरखपुर मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने सभी जिलाध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी देते हुए प्रियंका गांधी की प्रतिज्ञा रैली को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने जिलाध्यक्ष को ब्लॉक स्तर, न्याय पंचायत स्तर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर बैठक कर लोगों को रैली में पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली ऐतिहासिक होगी। प्रदेश में जबसे भाजपा की सरकार आई, तबसे अराजकता चरम पर है। सरेआम हत्याएं हो रही हैं। सरकार प्रियंका गांधी की लोकप्रियता से घबराई हुई है। लखीमपुर में जाने से प्रियंका को रोका और आगरा जाने से भी प्रियंका को रोकने का प्रयास किया। सरकार का यह प्रयास असफल रहा। उन्होंने सभी जिलों के जिलाध्यक्ष, टिकट के दावेदारों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों को रैली में पहुंचाने की अपील की। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, अनुसूचित प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष आलोक प्रसाद, फिशर मैन के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र निषाद, प्रदेश महासचिव जयकरण वर्मा, प्रदेश सचिव संतोष कटाई, प्रदेश सचिव परवेज खान, रामराज यादव, कौशल त्रिपाठी, देवेंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष प्रवीण चंद पांडेय, अंकुर वर्मा, काजी सुहैल, निर्मला पासवान, शरद सिंह, राजकुमार सिंह सहित दोनों मंडलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।