जर्जर तारों पर टिकी है बिजली आपूर्ति व्यवस्था
लोकल फाल्ट ने बढ़ाई उपभोक्ताओं की मुसीबत
कर्मियों को फाल्ट ढूंढने में होती है परेशानी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कस्बे के अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत तार काफी जर्जर हो चुके हैं। इससे प्रतिदिन किसी न किसी मोहल्ले की बिजली गुल रहती है। कहीं मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर काम चलाया जा रहा है तो कहीं कर्मियों को फाल्ट ढूंढने में लगाया जाता है। इसके बाद भी विद्युत निगम जर्जर व उलझे तारों को बदलने के लिए कदम नहीं उठा रहा है।
कई दिनों से हो रही अघोषित विद्युत कटौती से शहरवासी परेशान हैं। ऊपर से खलीलाबाद कस्बे में जर्जर व उलझे तारों ने मुसीबत और बढ़ा दी है। अंसार टोला, कसैला, गोलाबाजार, विधियानी आदि क्षेत्रों में जर्जर विद्युत तारों के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। कई दिनों तक आजाद चौक के पास मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति दी जाती रही।
मंगलवार को गोरखल क्षेत्र में आपूर्ति कई घंटे तक बाधित रही। काफी मशक्कत के बाद विद्युत कर्मियों ने फाल्ट ठीक किया, तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। ऐसी ही स्थिति विभिन्न मोहल्लों में है। हल्की हवा चलने पर तार आपस में टकरा जाते हैं और आपूर्ति ठप हो जाती है।
विद्युत कर्मियों ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पेड़ की डालियों को भी कटवा दी है, ताकि बिजली आपूूर्ति प्रभावित न हो, लेकिन राहत मिलती नहीं दिख रही है।
कस्बे के राधेश्याम, शंभू प्रसाद, मुकेश कुमार आदि ने कहा कि विद्युत तार काफी पुराने हैं और जर्जर हो चुके हैं। इस कारण आए दिन फाल्ट हो रहा है। जर्जर तारों को बदलने की जरूरत है। इन लोगों ने कहा कि विद्युत निगम जुगाड़ के सहारे आपूर्ति देने का प्रयास कर रहा है। इससे कभी भी दुर्घटना हो सकती है।
..
कोट
जल्द ही शहर के जर्जर तार बदले जाएंगे। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होना पडे़गा।
आरके सिंह, अधिशासी अभियंता,