संतकबीरनगर/धनघटा। महुली क्षेत्र के कालीजगदीशपुर के मोहरैया निवासी रन्नू की हार्निया के ऑपरेशन के बाद मौत के मामले में हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। हालांकि रन्नू के इलाज में चिकित्सकों की लापरवाही सामने आई है। जिसकी वजह से फेफड़े में संक्रमण मिला है। चिकित्सकों ने विसरा प्रिजर्व कर दिया है। इसके साथ ही किडनी चोरी की बात गलत निकली है।
महुली थाना क्षेत्र के काली जगदीशपुर के मोहरैया मोहल्ला निवासी रन्नू प्रसाद (58) का हर्निया ऑपरेशन के दो महीने बाद बुधवार को मौत हो गई थी। इस मामले को लेकर परिजनों ने खलीलाबाद स्थित एक निजी अस्पताल के चिकित्सकों पर कई आरोप लगाए थे। आरोप था कि गलत ऑपरेशन कर किडनी चुराई गई है। उपचार में लापरवाही बरती गई है। बाद में हॉस्पिटल में ताला लगाकर स्टाफ भाग गए। परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
मृतक की पत्नी ने तीन डॉक्टरों के खिलाफ नामजद तहरीर दिया है। देर रात तक रन्नू का अंतिम संस्कार परिजनों ने कर दिया है। इधर, चिकित्सकों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट की मानें तो मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जिसकी वजह से बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया है। इसके साथ ही फेंफडे में संक्रमण मिला है। पस जमा होना पाया गया है। दोनों किडनी जांच में मिले हैं।