संतकबीरनगर। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम जय प्रकाश ने जनपद के राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को पारदर्शी व त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हर बूथ पर सभी राजनीतिक दलों के द्वारा बूथ लेबल एजेंट नियुक्त किए जाए।
एडीएम ने कहा कि मतदाता सूची का भली भांति अध्ययन कर लें , यदि किसी का नाम छूट गया हो अथवा किन्हीं कारणवश मृतक या अन्य स्थान पर शिफ्ट हो गया हो तो नाम जुड़वाने के लिए फार्म -6 भरवाकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध करा दें। किसी राजनैतिक दल के पदाधिकारी को यदि इस संबंध में किसी प्रकार का सुझाव देना हो तो संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उप जिला मजिस्ट्रेट, तहसीलदार अथवा सुपरवाइजर को उपलब्ध करा सकता है। उनकी सूची निर्वाचन कार्यालय अथवा संबंधित एसडीएम को उपलब्ध करा दी जाए। यह बहुत ही आवश्यक है।
इस अवसर पर उप जिला मजिस्ट्रेट खलीलाबाद शैलेश कुमार दूबे, उप जिला मजिस्ट्रेट मेंहदावल संजीव राय, तहसीलदार धनघटा योगन्द्र कुमार पाण्डेय, समाजवादी पाटी पदाधिकारी रामदरश यादव, कार्यालय प्रभारी सपा मनोहर सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य बसपा अभिषेक कुमार, जिला पंचायत सदस्य रामजी फौजी, जिला महासचिव आम आदमी पार्टी ब्रम्हदेव सिंह सैंथवार, जिलाध्यक्ष युवा मंच अपना दल एस मणिचन्द्र चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष अपना दल एस शम्भू चौधरी, सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहें।